अमरोहा जनपद में अधिवक्ता ने एसपी को सौंपा पत्र
सुरक्षा की मांग हलाला जैसी प्रथा में बदलाव की मांग पर मिली धमकी
अमरोहा: जनपद में केंद्रीय लोक शिकायत निवारण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अधिवक्ता आलम मलिक को जान से मारने की धमकी मिली है।उन्हें यह धमकी पाकिस्तान का विरोध करने और हलाला जैसी प्रथा में बदलाव की मांग उठाने के कारण मिली है।इस मामले में परिषद के पदाधिकारियों ने अमरोहा पुलिस एसपी से सुरक्षा की मांग की है। परिषद के पदाधिकारियों ने मंगलवार दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे अमरोहा पुलिस एसपी को एक ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में बताया गया कि आलम मलिक एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और अधिवक्ता हैं जो लगातार सामाजिक सुधार और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाते रहते हैं।इसी क्रम में उन्होंने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान का विरोध किया था और हलाला प्रथा में आवश्यक बदलाव की मांग की थी।आरोप है कि इन सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाने के कारण उन्हें पाकिस्तान से जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए, इस संबंध में थाना अमरोहा देहात में एक मुकदमा भी पंजीकृत कराया जा चुका है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि आलम मलिक एक सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के पद पर हैं और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर कार्य करते हैं। अपनी बात रखना प्रत्येक व्यक्ति का मौलिक अधिकार है। ऐसे में मिली धमकी उनके व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ सामाजिक और सार्वजनिक कार्यों के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।परिषद के पदाधिकारियों ने एसपी से मांग की है कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आलम मलिक को शीघ्र आवश्यक और पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई तो पदाधिकारी और कार्यकर्ता आंदोलन व अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।




