सहारा जमाकर्ताओं का भुगतान अटका
न्याय की राह ताक रहे पीड़ित
सीतापुर। सहारा इंडिया की योजनाओं में फंसी जमा राशि के भुगतान की मांग को लेकर जमाकर्ताओं की चिंता बढ़ती जा रही है। सीतापुर कोतवाली में दर्ज एफआईआर संख्या 109/23 के बावजूद भुगतान न मिलने और एफआर लगने की स्थिति स्पष्ट न होने से पीड़ितों में आक्रोश है।
ऑल इंडिया जन आंदोलन सहारा संघर्ष न्याय मोर्चा एवं आजाद अधिकार सेना के जिलाध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा ने बताया कि जमाकर्ताओं ने वर्षों पहले मेहनत की कमाई सहारा की विभिन्न योजनाओं में जमा की थी। एफआईआर के बाद भी भुगतान नहीं हुआ। पुलिस द्वारा एफआर प्रस्तुत किए जाने और पुनः जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की जा रही।
उन्होंने कहा कि जिला न्यायालय से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लगातार तारीख पर तारीख मिल रही है। 22 सितंबर को भी सुप्रीम कोर्ट की कॉज लिस्ट में सुनवाई टली, जिससे जमाकर्ताओं में निराशा है।
जमाकर्ताओं ने मांग की है कि एफआईआर 109/23 की विवेचना, एफआर के आधार और पुनः जांच की स्थिति सार्वजनिक की जाए। साथ ही सीआरसीएस के माध्यम से पात्र जमाकर्ताओं के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।




