शान से निकला ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस-ए-मोहम्मदी
दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
धामपुर: जश्ने ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को अंजुमन फलाह अहले सुन्नत कमेटी की ओर से नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी शानो-शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भाग लिया। इस दौरान नगर की सड़कों पर उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिला। जुलूस का शुभारंभ मोहल्ला बंदूकचियान स्थित मदरसा नूरिया से हुआ। यहां मुफ्ती जाकिर हुसैन नईमी ने हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। जुलूस में शामिल लोग नारे लगाते हुए निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़े। जुलूस मछली बाजार, मुसाफिरखाना, सुभाष चौक, नगीना चौक और महल सराय मार्ग सहित नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। रास्ते में कई स्थानों पर जुलूस का स्वागत किया गया। तिराहे पर फातिहा पढ़ी गई और लोगों को तबर्रुक वितरित किया गया। जुलूस के दौरान देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआएं भी की गईं।
सभी धर्मों ने पेश की भाईचारे की मिसाल
जुलूस के दौरान धामपुर में आपसी भाईचारे और सौहार्द की तस्वीर भी देखने को मिली। हिंदू, मुस्लिम और सिख समाज के लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों का स्वागत करते हुए सौंफ, मिठाई और फल वितरित किए। इससे नगर में गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे का संदेश दिखाई दिया।
जुलूस में समाजसेवी संगठनों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी सहभागिता की। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। जुलूस के दौरान सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन, पूर्व मंत्री मूलचंद चौहान, पूर्व विधायक नईमुल हसन, चेयरमैन रवि चौधरी, पूर्व चेयरमैन महमूद हसन, अमित चौहान, रविंद्र चौहान पप्पू, नसीम राणा, नासिर अंसारी, हैदर अली और अजहर जरहा समेत अन्य लोग मौजूद रहे। जुलूस का संचालन इरशाद धामपुरी ने किया।
सुरक्षा के रहे इंतजाम
जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे और जुलूस के शांतिपूर्ण संचालन पर नजर रखी गई।




