पासपोर्ट कार्यालय को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी
दो घंटे चली जांच, कुछ नहीं मिला
बरेली। प्रियदर्शिनी नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और उसके अधीन संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्रों को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, एलआईयू और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि जांच में कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जानकारी के अनुसार, कार्यालय खुलने के बाद सुबह लगभग 9:30 बजे ई-मेल चेक करने पर धमकी भरा संदेश मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र कार्यालय परिसर खाली करा दिया गया और कर्मचारियों व आवेदकों को बाहर निकाल दिया गया। बाद में सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही लोगों को बैग और जेब की तलाशी के उपरांत प्रवेश दिया गया।
ई-मेल में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के साथ-साथ बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बिजनौर और नगीना के पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्रों का भी उल्लेख था। सभी स्थानों पर स्थानीय पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने जांच की, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
जांच एजेंसियों ने परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, लेकिन किसी संदिग्ध गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए आईपी एड्रेस के आधार पर जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इसी वर्ष 27 मार्च और 13 अप्रैल को भी पासपोर्ट कार्यालय को इसी तरह के धमकी भरे ई-मेल मिले थे। उन मामलों में भी जांच के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई थी। इस घटना के बाद पासपोर्ट कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।




