Ghaziabaduttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

जीडीए की बोर्ड बैठक में कई प्रमुख प्रस्ताव पास

क्रिकेट स्टेडियम के लिए लैंड पुलिंग को मंजूरी

गाजियाबाद । जीडीए की 174वीं बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। 24 सितंबर को मेरठ मंडल के आयुक्त और जीडीए बोर्ड के अध्यक्ष भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, हरनन्दीपुरम आवासीय योजना, टाउनशिप विकास, भू-उपयोग परिवर्तन और औद्योगिक विकास से जुड़े प्रस्तावों पर फैसला लिया गया।बैठक में सबसे अहम प्रस्तावों में से एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम से जुड़ा रहा। जीडीए के आधिकारिक बयान के मुताबिक उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के स्वामित्व वाली भूमि को लैंड पुलिंग के जरिए प्राप्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके साथ स्टेडियम निर्माण के लिए ड्राफ्ट एमओयू से जुड़ी कार्यवाही को भी बोर्ड ने हरी झंडी दी। जीडीए की नई आवासीय योजना हरनन्दीपुरम भी बैठक के प्रमुख प्रस्तावों में रही। योजना का प्रस्तावित कुल क्षेत्रफल 501.2173 हेक्टेयर है। पहले चरण में भोवापुर और शाहपुर निज मोरटा में प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहीत 47.1612 हेक्टेयर भूमि में से 24.1213 हेक्टेयर भूमि का भू-उपयोग कृषि से आवासीय करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। पहले चरण का तलपट मानचित्र करीब 49.62 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए तैयार किया गया है। सड़क चौड़ीकरण, जोनल रोड और अन्य प्रावधानों के बाद करीब 25.40 हेक्टेयर नेट स्कीम एरिया में विकास प्रस्तावित है। इसमें करीब 50.18 फीसदी आवासीय, 6.30 फीसदी वाणिज्यिक, 5.46 फीसदी सामुदायिक सुविधाओं, 7.42 फीसदी ग्रीन/रीक्रिएशनल और 30.66 फीसदी यातायात के लिए क्षेत्र प्रस्तावित है। इसके अलावा इन्दिरापुरम में होटल की जमीन पर ग्रुप हाउसिंग, कोयल एन्क्लेव और इन्द्रप्रस्थ में प्लॉटेड डेवलपमेंट, वेव सिटी में भू-उपयोग से जुड़े प्रस्ताव को हरी झंडी, 2,420 एकड़ की सनसिटी टाउनशिप का पहला चरण, हसनपुर लोढ़ा में कृषि भूमि का औद्योगिक उपयोग, सनराइज ग्रीन की संशोधित डीपीआर, मधुबन-बापूधाम के 198 दो-बीएचके की ई-नीलामी से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरीदी गई। बैठक में जिलाधिकारी गाजियाबाद रविन्द्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी हापुड़ कविता मीना, जीडीए उपाध्यक्ष नंद किशोर कलाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक समेत संबंधित अधिकारी और बोर्ड के नामित सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button