निगम ने दूधेश्वर नाथ मंदिर सहित कावड़ मार्ग पर
20 किलोमीटर तक पूरा किया बैरिकेडिंग का कार्य

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा कावड़ यात्रा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारी पूर्ण कर ली गई है। निर्माण विभाग द्वारा दिन-रात कड़ी मशक्कत करते हुए निर्धारित कावड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई है। मुख्य मार्ग से कनेक्टिंग गलियों के बाहर भी बांस और बल्लियों से बैरिकेडिंग की गई है। जस्सीपुरा मोड़ से लेकर दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर तक बैरिकेटिंग के ऊपर छांव के लिए ग्रीन नेट या सेड लगाया गया है। वहीं, साईं उपवन में भी गाजियाबाद नगर निगम निर्माण विभाग ने मरम्मत का कार्य तेजी से कराया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम द्वारा कावड़ यात्रियों तथा श्रद्धालुओं के लिए कावड़ महोत्सव को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई है। प्रकाश जल कल उद्यान स्वास्थ्य तथा निर्माण विभाग लगातार व्यवस्थाओं को बेहतर करने में जुटे हुए हैं। निर्माण विभाग ने आवश्यकता को देखते हुए बैरिकेटिंग की है। उन्होंने बताया कि लगभग 20 किलोमीटर तक निर्धारित रूट पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा प्राचीन मंदिर दूधेश्वर नाथ तथा साइन उपवन में भी विशेष रूप से बैरिकेडिंग की गई है। बता दें कि गाजियाबाद में कावड़ यात्रा को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने के लिए निगम व्यवस्था में बना हुआ है। मेरठ रोड कंट्रोल रूम के माध्यम से नगर निगम सीमा अंतर्गत कावड़ यात्रा पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए गाजियाबाद नगर निगम ने इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के 129 कैमरा जो कावड़ रूट पर है, के अलावा 205 अतिरिक्त कैमरा कावड़ रूट पर लगाए गए हैं ।
मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि निगम सीमा तहत आने वाले कावड़ रूट का पूर्ण रूप से गड्ढा मुक्त किया गया है। वहां आवश्यकता को देखते हुए पेचवर्क भी कराए गए हैं। कावड़ महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए निर्माण विभाग की टीम लगातार निर्धारित रूट पर बनी रहेगी। इसके अलावा अन्य ऐसी सड़के जो पी डब्ल्यू डी तथा सिंचाई विभाग के अंतर्गत है समन्वय स्थापित करते हुए उन पर भी कार्य तेजी से कराया जा रहा है।




