प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य जी की अध्यक्षता में
'सेवा संकल्प अभियान-2026' की तैयारियों को लेकर विकास भवन में समीक्षा बैठक ली
इटावा: विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार की माननीय प्रभारी मंत्री/महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य जी की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) के सफल आयोजन हेतु एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय सदर विधायक सरिता भदौरिया जी, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह सहित जनपद के अधिकारियों की उपस्थिति में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने हेतु तिथिवार विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।
समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए माननीय प्रभारी मंत्री जी ने अधिकारियों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि जिला प्रशासन द्वारा बनाई गई यह उत्कृष्ट कार्ययोजना केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर भी पूरी तरह दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू हो रहा यह ‘सेवा संकल्प अभियान’ पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़े। शिविरों के आयोजन और लाभार्थियों की सूची पर विशेष ध्यान दिया जाए कि कितने पात्र लोगों को लाभ पहुँचाया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों में बैंक प्रबंधकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि छोटे ऋण (लघु लोन) चाहने वाले लाभार्थियों को मौके पर ही सुगमता से लोन स्वीकृत हो सके। साथ ही समाज कल्याण विभाग की ‘सामूहिक विवाह योजना’ तथा वृद्धा पेंशन को भी इस अभियान में प्रमुखता से शामिल करने के निर्देश दिए गए।
माननीय मंत्री जी ने स्पष्ट किया कि अभियान की सबसे कड़ी निगरानी (मॉनिटरिंग) महिला कल्याण एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की जाएगी। इसके लिए सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजरों और मुख्य सेविकाओं को समय से निर्देशित कर दिया जाए कि 17 सितंबर को हर आंगनबाड़ी केंद्र पर दीपक अवश्य प्रज्वलित किया जाए। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी का सबसे अधिक ध्यान आंगनबाड़ी व्यवस्था को सुदृढ़ करने और उनसे जुड़े लाभार्थियों तक पहुँचने पर है। यदि यह पूरी योजना धरातल पर सही ढंग से लागू हुई, तो इटावा जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर आएगा।
समीक्षा बैठक में तय की गई तिथिवार कार्ययोजना के अनुसार, 17 सितंबर को ‘सेवा दिवस – आशीर्वाद का दीया’ के तहत उ०प्र० आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई (11:00 बजे) व जिला अस्पताल (9:00 बजे) में रक्तदान शिविर, दिव्यांग स्वावलंबन कार्यक्रम, विश्वकर्मा दिवस पर टूलकिट वितरण तथा सायं 7:00 बजे समस्त ग्राम पंचायतों (469), शहरी वार्डों (127), आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी कार्यालयों, प्रमुख चौराहों व मंदिरों में दीप प्रज्वलन कर #आशीर्वाद_का_दीया हैशटैग के साथ तस्वीरें साझा की जाएंगी। 17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा – अनकही कहानियाँ’ के तहत बड़ी ग्राम पंचायतों व वार्डों में नुक्कड़ नाटकों का मंचन होगा। वहीं 17 सितंबर से 17 अक्टूबर के दौरान 60-सेकंड की रील्स से योजनाओं के प्रभाव को दर्शाने, इन्फ्लुएंसर्स को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे व सैफई सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक जैसे विकास स्थलों का भ्रमण कराने, आईटीआई/पॉलिटेक्निक में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ आयोजित करने और स्मारकों पर लेजर शो व मंदिरों में महायज्ञ कराने की रूपरेखा तैयार की गई है।
इसके अतिरिक्त, 21 से 30 सितंबर तक ‘मेरे सपनों का भारत – चित्र सेवा’ के अंतर्गत विद्यालयों में प्रतियोगिताएं व प्रदर्शनी आयोजित होंगी। 25 सितंबर को विशेष ग्राम चौपालों, पुस्तकालयों के लोकार्पण, अटल पथ मार्ग पर सड़क सुरक्षा जागरूकता, वृद्धाश्रम भ्रमण, वृक्षारोपण, भरथना स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ एवं गौ-सेवा का आयोजन होगा। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर के मध्य (25 व 26 सितंबर को पंचायत स्तर, 30 सितंबर को ब्लॉक स्तर तथा 07 अक्टूबर को विकास भवन में जनपद स्तर पर) 1564 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं व माताओं का सम्मान, ‘हेल्दी बेबी’ प्रतियोगिताएं, कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल व अतिरिक्त पोषाहार का वितरण किया जाएगा।
अक्टूबर माह की शुरुआत में, 01 से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत प्राकृतिक सामग्री से 108 मीटर व्यास का ‘भारत मंडल’ व जीआईसी ग्राउंड इटावा तथा ब्लॉक स्तर पर विशाल मानव समूह रंगोली का निर्माण होगा। 03 से 09 अक्टूबर तक समस्त विकास खंडों, यूपीयूएमएस सैफई व जिला अस्पताल परिसर में ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत 7 दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर व स्वास्थ्य मेले लगाकर ऑन-द-स्पॉट फॉर्म भरवाकर 100% सैचुरेशन का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही, 05 अक्टूबर को विकास भवन में दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर लगेगा, 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत रैलियों के आगमन के साथ शास्त्री चौराहा पर स्थायी ‘सेवा ज्योति’ की स्थापना व माननीय प्रधानमंत्री जी के संबोधन का सजीव प्रसारण होगा, तथा 17 अक्टूबर को ‘सुशासन सेवा संवाद’ में जनप्रतिनिधियों का समागम, वंदे मातरम का गायन और ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प लिया जाएगा। समीक्षा बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री जी ने सभी नोडल व संबंधित अधिकारियों को इन समस्त निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए कार्यक्रमों को जन-सहभागिता के साथ भव्य, पारदर्शी व समयबद्ध रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
उक्त बैठक में माननीय सदर विधायक सरिता भदौरिया जी, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बी0के0 सिंह, समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थिति रहे।




