मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की कोचिंग का किया औचक निरीक्षण
विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश एवं शैक्षिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा आज जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, निडौरी, गाजियाबाद एवं भागीरथ पब्लिक स्कूल, संजय नगर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित कोचिंग कक्षाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, निडौरी के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने खेल मैदान में घास लगाने, विद्यालय में स्थापित आर.ओ. की समय-समय पर मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित करने तथा पेयजल के टीडीएस (TDS) की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कक्षाओं में पर्याप्त एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सामान्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से लाइब्रेरी में प्रतिदिन समाचार-पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में भागीरथ पब्लिक स्कूल, संजय नगर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत संचालित कोचिंग का निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की तैयारी का नियमित मूल्यांकन करने के लिए समय-समय पर मॉक टेस्ट आयोजित किए जाएं तथा उनके प्रदर्शन के आधार पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुधारात्मक प्रयास किए जाएं। साथ ही, अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन एवं मार्गदर्शन करने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से नियमित मोटिवेशनल क्लास आयोजित कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने कहा कि मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन एवं बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थी योजना का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।




