बरेली बवाल के 12 मामलों में चार्जशीट दाखिल
21 जुलाई से फास्ट ट्रैक कोर्ट में शुरू होगी गवाही

बरेली। 26 सितंबर 2025 को बरेली में हुए बवाल से जुड़े सभी 12 मामलों में पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। इनमें से दो प्रमुख मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी। अदालत ने इन मामलों में पहली गवाही के लिए 21 जुलाई की तारीख तय की है।
इन दोनों मामलों में मौलाना तौकीर रजा मुख्य आरोपी हैं। पुलिस के अनुसार बवाल प्रकरण में अब तक 105 आरोपी जेल जा चुके हैं, जिनमें से कई को जमानत मिल चुकी है। हालांकि मौलाना तौकीर रजा की जमानत याचिकाएं जिला न्यायालय और हाईकोर्ट से निरस्त हो चुकी हैं और वह वर्तमान में फतेहगढ़ जेल में बंद हैं।
बवाल के बाद प्रेमनगर, बारादरी, कोतवाली, कैंट और किला थानों में कुल 12 मुकदमे दर्ज किए गए थे। कोतवाली के मामले में 25 नामजद समेत 1700 से अधिक अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि बारादरी के मामले में 30 नामजद और 250 से अधिक अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस की मॉनीटरिंग सेल अब अदालत में प्रभावी पैरवी की तैयारी में जुटी है। इन मामलों की विवेचना इंस्पेक्टर संजय धीर ने की थी। कुछ मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी शेष होने के कारण विवेचना अभी भी लंबित है।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि बारादरी थाना क्षेत्र से जुड़े मौलाना तौकीर रजा व अन्य आरोपियों के मामले में ट्रायल शुरू हो चुका है। 21 जुलाई को गैंगस्टर कोर्ट में गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे और पुलिस अदालत में मजबूती से अपना पक्ष रखेगी।



