lucknowuttar pradeshराजनीति

बसपा से अशोक सिद्धार्थ और रणधीर बेनीवाल निष्कासित

मायावती ने अनुशासनहीनता बताई वजह, यूपी संगठन को लेकर भी किया बड़ा ऐलान

 

लखनऊ (आप अभीतक) । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने पार्टी में अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ और पार्टी समन्वयक रणधीर सिंह बेनीवाल को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा की है। उन्होंने यह जानकारी रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी आधिकारिक पोस्ट के माध्यम से दी।
मायावती ने बताया कि पूर्व सांसद अशोक सिद्धार्थ को पहले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान टिकट वितरण और प्रदेश नेतृत्व के साथ तालमेल न बैठाने के कारण पार्टी से निष्कासित किया गया था। बाद में इस शर्त पर उन्हें दोबारा शामिल किया गया कि वह भविष्य में अनुशासनहीनता नहीं करेंगे तथा केवल उत्तर प्रदेश के बाहर पार्टी के संगठनात्मक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने कहा कि कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल समेत जिन राज्यों का दायित्व अशोक सिद्धार्थ को सौंपा गया, वहां भी उनके खिलाफ लगातार अनुशासनहीनता और पार्टी के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की शिकायतें मिलती रहीं। कई बार चेतावनी देने के बावजूद सुधार न होने पर पहले उन्हें सभी जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया और बाद में पार्टी हित में तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया। मायावती ने स्पष्ट किया कि अब उन्हें भविष्य में दोबारा पार्टी में शामिल नहीं किया जाएगा।
बसपा प्रमुख ने यह भी बताया कि रणधीर सिंह बेनीवाल, जिन्हें पंजाब के साथ हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई थी, उनके विरुद्ध भी लगातार अनुशासनहीनता की शिकायतें मिल रही थीं। इसे देखते हुए उन्हें भी तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
मायावती ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर किए गए संगठनात्मक फेरबदल के तहत राज्यसभा सांसद रामजी गौतम को अन्य राज्यों के साथ पुनः पंजाब का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि रामजी गौतम आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के साथ-साथ लोकसभा चुनाव तक यह जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। बसपा अध्यक्ष ने संगठनात्मक नीति स्पष्ट करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के जो वरिष्ठ पदाधिकारी और समन्वयक अन्य राज्यों में पार्टी की जिम्मेदारी निभा रहे हैं, उन्हें उत्तर प्रदेश में किसी भी संगठनात्मक दायित्व पर नियुक्त नहीं किया जाएगा।
अपने संदेश के अंत में मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अफवाहों और षड्यंत्रकारी तत्वों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भ्रम फैलाकर पार्टी के अभियान को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही मीडिया से भी उन्होंने अपील की कि वह अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं का प्रचार-प्रसार करने से बचें।

Related Articles

Back to top button