सख्तीः फर्जी बिल पर पंजाब से लाई 55 लाख की अंग्रेजी शराब पकड़ी
कोतवाली देहात पुलिस ने ट्रक चालक को किया गिरफ्तार
650 पेटियों में इम्पीरियल ब्लू और आरएस शराब बरामद
बिजनौर। कोतवाली देहात पुलिस ने मंगलवार को शादीपुर नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक पकड़ा है। ट्रक में 650 पेटी शराब लदी थी, जिसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। जांच में शराब का परिवहन फर्जी बिलों के जरिये किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस शराब के वास्तविक मालिक और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई व एएसपी देहात गौतम राय ने बताया कि मंगलवार को स्वाट, सर्विलांस और कोतवाली देहात पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर शादीपुर नहर पुलिया के पास ट्रक संख्या यूपी 71 टी 7412 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से अंग्रेजी शराब की 650 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से चालक मौहम्मद आजीब पुत्र उमर मौहम्मद निवासी गांव भाजलाका, थाना तावड़ू, जिला नूंह मेवात, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया।
इम्पीरियल ब्लू और आरएस की पेटियां बरामद
पुलिस के अनुसार, ट्रक से इम्पीरियल ब्लू के क्वार्टर की 255, हाफ की 150 और पूरी बोतल की 135 पेटियां मिलीं। इसके अलावा आरएस के क्वार्टर की 50 और हाफ की 60 पेटियां बरामद की गईं। कुल 650 पेटियों की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है।
पंजाब से शराब लेकर चला था चालक
पूछताछ में आरोपी चालक ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा में राहुल नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया था। राहुल ने उसे पंजाब से ट्रक लाने के बदले 20 हजार रुपये और प्रतिदिन 500 रुपये देने की बात कही थी। बाद में शराब ढोने के लिए अतिरिक्त 30 हजार रुपये देने का लालच दिया गया। इसके बाद वह पंजाब से ट्रक में शराब भरकर चला था। उसे ट्रक हापुड़ छोड़ना था।
असली मालिक की नहीं जानकारी
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे शराब के वास्तविक मालिक के बारे में जानकारी नहीं है। पुलिस इस बयान की जांच कर रही है और शराब की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली देहात थाने में धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल और आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। ट्रक और शराब को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। असली शराब मालिक का जल्द पता लगाया जाएगा।
-कृष्ण कुमार बिश्नोई, एसपी




