bareillyCrimeuttar pradeshराष्ट्रीय

कोर्ट से फरार 25 हजार का इनामी मुठभेड़ में गिरफ्तार, सिपाही भी घायल

बरेली। न्यायालय परिसर से पुलिस अभिरक्षा के दौरान फरार हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सचिन सिंह ठाकुर को कोतवाली पुलिस ने बुधवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि आरोपी की फायरिंग में एक मुख्य आरक्षी भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, सुभाषनगर क्षेत्र के बंसीनगला निवासी सचिन सिंह ठाकुर 21 अक्तूबर को न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस मामले में कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उसकी गिरफ्तारी पर एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
बुधवार सुबह करीब 3:35 बजे पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी रेलवे स्टेशन के आगे नॉर्थ कॉलोनी के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने पैदल आ रहे संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान मुख्य आरक्षी रवाब मियां की दाहिनी बाजू को गोली छूकर निकल गई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में सचिन के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के आठ मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी और मुख्य आरक्षी का जिला अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button