Ghaziabaduttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

फेब्रिकेशन फैक्ट्री में लगी आग, दमकल की टीम ने पाया काबू

गाजियाबाद। लोनी के ट्रॉनिका सिटी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जावेद फैब्रिकेशन फैक्ट्री में बुधवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि अग्निकांड में कोई घायल नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9:15 बजे लोनी फायर स्टेशन ट्रॉनिका सिटी को सेक्टर ए-7, पार्ट-1 स्थित प्लॉट नंबर एफ-18 पर संचालित जावेद फैब्रिकेशन फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। फैक्ट्री के भूतल पर फ्लेक्सिबल प्रिंटिंग और मेटल फैब्रिकेशन का काम होता है। सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। मामले की जानकारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह को भी दी गई, जिनके निर्देश पर वैशाली फायर स्टेशन से एक वाटर बाउजर और बागपत के खेकड़ा फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी भी भेजी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि करीब 300 वर्गमीटर के भूखंड पर बने दो मंजिला भवन के भूतल में आग लगी हुई थी। दमकलकर्मियों ने तत्काल होज पाइप फैलाकर फायर इंजन की मदद से पानी की बौछारें शुरू कीं। त्वरित कार्रवाई के चलते सुबह करीब 9:50 बजे तक आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। इसके बाद वहां मौजूद सामान को उलट-पलट कर सुलगते हिस्सों की जांच की गई और पानी डालकर धुएं को भी शांत किया गया। आग कम समय में नियंत्रित होने के कारण वैशाली और खेकड़ा से रवाना की गई दमकल गाड़ियों को रास्ते से ही वापस बुला लिया गया। अग्निशमन एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और आवश्यक सहयोग दिया। दमकल विभाग के अनुसार फैक्ट्री में आग लगने का संभावित कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Related Articles

Back to top button