Ghaziabaduttar pradeshराष्ट्रीय

इंद्रप्रस्थ योजना में फ्लैटों में लगी आग, दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू

गाजियाबाद। इंद्रप्रस्थ योजना के डी-ब्लॉक स्थित एक बहुमंजिला इमारत के फ्लैटों में बुधवार दोपहर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सौरभ कुमार सिंह ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि फायर स्टेशन साहिबाबाद को 7 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2:20 बजे इंद्रप्रस्थ योजना, डी-ब्लॉक स्थित फ्लैटों में आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर साहिबाबाद फायर स्टेशन से दो और लोनी फायर स्टेशन से एक फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, लोनी भी मौजूद रहे। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा कि इमारत लोअर ग्राउंड से तृतीय तल तक बनी हुई है और अपर ग्राउंड से तृतीय तल तक आग फैल चुकी थी। फायर सर्विस यूनिट ने हौज लाइन फैलाकर एमएफई से पंपिंग करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। जांच में सामने आया कि अपर ग्राउंड फ्लोर पर विक्रम सिंह, प्रथम तल पर वेदांत भारद्वाज और द्वितीय तल पर हिमांशु चौधरी का फ्लैट बताया गया। तृतीय तल बैंक द्वारा बंद बताया गया। आग फ्लैटों के पीछे की बालकनी और कमरों में लगी थी। बालकनी में रखा सामान और प्रत्येक तल के एक-एक कमरे में रखा कुछ सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Related Articles

Back to top button