अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए
30 करोड़ की लागत से महामाया स्टेडियम होगा तैयार
गाजियाबाद। महामाया स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए महामाया स्टेडियम में 30 करोड़ की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस योजना से गाजियाबाद में खेल मैं रुचि रखने वाले लोगों को अपनी प्रतिभा निखारने और उसे दिखाने का बेहतरीन मंच मिल सकेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रतिभाओं महामाया स्टेडियम को खिलाड़ियों को आधुनिक एवं बेहतर खेल सुविधाओं देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है, जिससे वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का प्रदर्शन कर नाम रोशन कर सकेंगे। मंगलवार को सांसद, शहर विधायक और सीडीओ ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कमियों को दुरुस्त करने और विकास कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान खिलाड़ियों ने खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण और अन्य आवश्यकताओं से संबंधित अपनी समस्याएं एवं सुझाव सामने रखे। बता दें कि ओलंपिक में शामिल 31 खेलों में से 24 खेलों की सुविधाएं महामाया स्टेडियम में उपलब्ध हैं। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया गया। गौरतलब है कि स्टेडियम में 16 से 30 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपरपज हॉल, सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, स्वीमिंग पूल, टेनिस कोर्ट, बास्केट बाल और विभिन्न खेल कोर्ट के आधुनिकीकरण का काम चल रहा है।




