जेपीएम कालेज में ‘सेवा की कहानी’ में क्विज प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बरेली। जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज में ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के तहत 21 सितंबर को क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर सामान्य ज्ञान, समसामयिक विषयों, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक डॉ. मनोज कांडपाल ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ ज्ञानवर्धक और जागरूकता आधारित गतिविधियों में सहभागिता जरूरी है। क्विज प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं।
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों ने टीम भावना के साथ भाग लिया। कठिन प्रश्नों के बीच प्रतिभागियों में उत्तर देने को लेकर उत्सुकता बनी रही। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर अपनी जानकारी परखने का अवसर मिला।
डॉ. मनोज कांडपाल ने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब उसका उपयोग समाज के हित में किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम अधिकारी अमरीश गंगवार एवं अंकुर टंडन के निर्देशन में प्रतियोगिता हुई। मंच संचालन डॉ. अपर्णा कटियार ने किया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ. यश पाल सिंह, डॉ. रवि शंकर, डॉ. मो. नईम, अमर सिंह, तिलक राठौर, प्रवेश कुमार, सौरभ कुमार सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया।




