bijnorCrimeuttar pradeshराष्ट्रीय

हंगामाः मोबाइल छीनकर भाग रहे उचक्के को लोगों ने पीछा कर पकड़ा

रोडवेज परिसर में महिला का मोबाइल छीनकर भागे उचक्के को पकड़कर पीटा

-लोगों ने उचक्के के साथी को भी पकड़ पुलिस को सौंपा
-घटना के बाद रोडवेज परिसर में काफी देर मची रही अफरातफरी

 

बिजनौर। रोडवेज परिसर में मोबाइल छीनकर भाग रहे एक उचक्के को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में मौके पर लोगों ने उचक्के साथी को भी पकड़ लिया। घटना के बाद परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को लोगों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
रविवार को कोतवाली देहात के मोमिनपुर दरगो निवासी एक महिला अपनी बेटी के साथ किसी काम से बिजनौर आई थी। दोपहर के समय वह रोडवेज परिसर में बैठी थी। इस दौरान लाल टीशर्ट पहने एक युवक महिला का मोबाइल छीनकर भागने लगा। मोबाइल छीने जाने का शोर मचने पर आसपास मौजूद लोगों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के पास महिला का मोबाइल बरामद कर लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की पिटाई शुरू कर दी। लोगों ने रोडवेज परिसर से आरोपी के साथ टहल रहे नशे में धुत उसके साथी को भी पकड़ लिया। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटना के दौरान रोडवेज परिसर में यात्रियों और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
शहर कोतवाल अवनीत मान ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। घटना के संबंध में तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button