उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा "पंचनद प्रेरणा कैंटीन" की स्थापना की गयी
इटावा: उपायुक्त (स्वतः रोजगार) विनय कुमार ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में तहसील सदर, जनपद इटावा में स्वयं सहायता समूह द्वारा की महिलाओं “पंचनद प्रेरणा कैंटीन” की स्थापना की गयी, जिसका शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्रीमती सरिता भदौरिया जी, माननीय विधायक सदर इटावा द्वारा आज दिनांक 17.09.2026 को किया गया।
माननीय विधायक सदर ने कहा कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को समूह के माध्यम से स्वरोजगार प्रदान कर रही है। शासन की महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बैनर तले महिलाएं स्वावलम्बी एवं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही है। जनपद में पंचनद ब्रांड के बैनर तले स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को एक अलग पहचान के साथ-साथ उनका व उनके परिवार की आय में वृद्धि हो रही हैं तथा महिलाएं प्रगति की ओर अग्रसर हैं। माननीय विधायक जी द्वारा मा० प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर समूह की महिलाओं के अपने घर में दीप प्रज्ज्वलन किये जाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित उप जिलाधिकारी सदर इटावा ने कहा कि तहसील परिसर में प्रेरणा कैंटीन की स्थापना होने से आगन्तुकों एवं कार्मिकों को शुद्ध एवं स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध होगा। उपायुक्त (स्वतः रोजगार) ने कहा कि अभिनव प्रयोग के अन्तर्गत जनपद में स्वयं सहायता समूह द्वारा स्व-निर्मित उत्पादों को “पंचनद” ब्रांड नाम दिया गया, जिससे उत्पादों को जाना व पहचाना जायेगा तथा जनपद को प्रदेश में विशिष्ट पहचान मिलेगी।
“पंचनद प्रेरणा स्टोर” ब्रांड के बैनर तले राधाकृष्णा महिला लघु उद्योग की संचालिका अनुमोदिनी द्वारा प्रेरणा कैंटीन, श्रीमती पूनम एवं श्रीमती कविता शिव शम्भू समूह द्वारा जिला अस्पताल में फूड कार्ट, श्रीमती आशा देवी जय दुर्गे माँ स्वयं सहायता समूह द्वारा बस स्टेण्ड पर एवं श्रीमती अनीता भोले बाबा स्वयं सहायता समूह द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में फूड कार्ट का संचालन किया जायेगा।
इस अवसर पर श्री सूर्य नारायण पाण्डेय, श्री विप्लव भूषण जिला मिशन प्रबन्धक, श्री सौरभ पाण्डेय, श्री रिंकू बाबू एवं समूह की महिलाओं आदि उपस्थित रहे।




