bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

ओजोन परत संरक्षण के लिए पौधारोपण जरूरी

बरेली। मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में गुरुवार को राजेंद्र नगर सभागार में विश्व ओजोन दिवस और इंजीनियर्स डे के अवसर पर गोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत के महत्व पर वक्ताओं ने विचार रखे।
मुख्य वक्ता बरेली कॉलेज के वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. आलोक खरे ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी और मानव जीवन के लिए सुरक्षा कवच का काम करती है। इसका लगातार घटता आकार गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि ओजोन परत और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण सबसे सरल और प्रभावी उपायों में से एक है। सभी लोगों को अधिक से अधिक छायादार पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने तुलसी और एलोवेरा के पौधों के पर्यावरणीय महत्व पर भी प्रकाश डाला।
मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने कहा कि धरती पर बढ़ती गर्मी को देखते हुए एसी के प्रयोग पर नियंत्रण की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य सरकार से विकास कार्यों के नाम पर हरे-भरे वृक्षों के कटान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। इस संबंध में वन मंत्री को ज्ञापन देने पर भी सहमति बनी।
कार्यक्रम में डा. निशि जौहरी ने महिलाओं को तुलसी के पौधे वितरित किए। वहीं इंजीनियर्स डे के अवसर पर दो कर्मठ इंजीनियरों इं. प्रदीप माधवार और इं. ए.एल. गुप्ता को सम्मानित किया गया। क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा और महासचिव मुकेश सक्सेना ने दोनों को हार, शाल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए।
कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने किया। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सीए राजेन विद्यार्थी, शालिनी विद्यार्थी, उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र सक्सेना, सत्येंद्र सक्सेना, चित्रा जौहरी, इंद्र देव त्रिवेदी, निर्भय सक्सेना, अरुणा सिन्हा, मंजू लता, सुधा सक्सेना, जितेंद्र सक्सेना, शोभा सक्सेना, सुधीर मोहन, नरेश मलिक, मीरा मोहन, शकुन सक्सेना, ए.एस. अग्रवाल, निशि, प्रसून और राजीव सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button