bijnoruttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला पुलिस का डंडा, 30 मौके पर उतरवाए

यातायात पुलिस ने 1421 वाहनों के खिलाफ की कार्रवाई

यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर 18 वाहनों को किया सीज

बिजनौर, संवाददाता। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने तीन दिवसीय अभियान शुरू किया है। अभियान में काली फिल्म, मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले वाहनों को निशाना बनाया गया। चेकिंग के दौरान आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने और यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर 18 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया। पुलिस ने 1421 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।
सोमवार को चले अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने तेज आवाज और पटाखे जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 62 वाहनों के चालान किए। इनमें 30 बुलेट मोटरसाइकिलों के मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही उतरवाकर यातायात कार्यालय में जमा करा दिए गए। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 350 चालकों के चालान किए गए। वहीं बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 112 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वाहनों पर काली फिल्म लगाने वाले 10 चालकों को भी नहीं बख्शा गया और मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई गई।
यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से दोपहिया चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही वाहनों में प्रेशर हॉर्न, हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर जैसे अवैध बदलाव न कराने की चेतावनी दी है।

हूटर-प्रेशर हॉर्न पर भी सख्ती
आम लोगों और राहगीरों को परेशान करने तथा अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे 20 वाहनों के खिलाफ सख्त चालान की कार्रवाई की गई।

Related Articles

Back to top button