धरना : टोल फ्री की मांग को लेकर किसानों का जोरदार प्रदर्शन
डेहरी टोल प्लाजा पर कई घंटे धरने पर बैठे किसान, अधिकारियों से वार्ता रही बेनतीजा
एसडीएम के आश्वासन पर सोमवार को वार्ता के बाद समाधान की उम्मीद
कोतवाली देहात, संवाददाता। क्षेत्र के करीब 40 गांवों को टोल फ्री करने की मांग को लेकर शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने डेहरी टोल प्लाजा पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। किसान अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिसके चलते कई घंटे तक टोल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों में असमंजस की स्थिति बनी रही।
किसान नेताओं ने कहा कि क्षेत्रीय किसानों और किसान संगठनों के पदाधिकारियों के वाहनों को टोल शुल्क से पूरी तरह मुक्त किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि टोल प्लाजा के आसपास के करीब 40 गांवों के लोगों को रोजाना आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में उनसे लगातार टोल वसूली करना उचित नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और टोल अधिकारियों की ओर से किसानों से कई बार वार्ता की गई, लेकिन मांग पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद किसान धरने पर बैठ गए और टोल फ्री सुविधा की मांग दोहराते रहे।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी सुनील कुमार सहरावत एसडीएम नगीना प्रिंस कुमार ने किसानों से वार्ता की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार को किसानों और टोल अधिकारियों के बीच दोबारा वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।
इस दौरान विकास कुमार चौधरी, बृजपाल सिंह, रोहित राणा, नितिन मौर्य, प्रदीप कुमार, नीरज कुमार, शुभम चौधरी, अचिन कुमार, भूपेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह और नरेंद्र सिंह समेत कई किसान मौजूद रहे।




