bijnoruttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला पुलिस का डंडा, 383 वाहनों के चालान

मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 28 वाहनों पर कार्रवाई, आठ बुलेट के साइलेंसर उतरवाए

बिना हेलमेट 129 और तीन सवारी के 44 चालान, छह वाहन सीज

बिजनौर, संवाददाता। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ शनिवार को यातायात पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न, हूटर, मॉडिफाइड साइलेंसर, बिना हेलमेट और तीन सवारी वाले वाहनों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस के अनुसार काली फिल्म लगाने पर तीन वाहनों के चालान किए गए। सड़क पर पटाखे जैसी तेज आवाज करने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 28 वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर पाए जाने पर चालान की कार्रवाई की गई। इनमें आठ बुलेट मोटरसाइकिलों के मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही उतरवाकर यातायात कार्यालय में जमा करा दिए गए।
इसके अलावा तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 44 वाहनों और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 129 चालकों के चालान किए गए। आमजन और राहगीरों को परेशान करने तथा तेज ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न और हूटर लगे नौ वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। आवश्यक दस्तावेज नहीं होने और यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन पर छह वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
यातायात प्रभारी रवि नैन ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहनों में प्रेशर हॉर्न, हूटर या मॉडिफाइड साइलेंसर जैसे अवैध बदलाव न कराएं।

Related Articles

Back to top button