अमरोहा में 5 किलो मिठाई नष्ट खोवा-मिल्क केक और
पनीर के नमूने लिए रक्षाबंधन से पहले अमरोहा में मिठाइयों पर छापेमारी
अमरोहा: जनपद में रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग अलर्ट हो गया है।मिलावटी मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।खाद्य विभाग की टीमों ने मंगलवार कोआदमपुर रोड स्थित गारापुर अड्डे और उझारी क्षेत्र में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।कार्रवाई के दौरान मिठाई के साथ दूध से बने उत्पादों के नमूने लिए गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ और अमरोहा जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य विनय कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में सचल दल ने गारापुर अड्डे स्थित जय श्री श्याम स्वीट्स का निरीक्षण किया।जांच के दौरान करीब 5 किलोग्राम मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया गया।टीम ने खोवा और मिल्क केक के नमूने भी लिए जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।इसके बाद खाद्य विभाग की टीम चामुंडा-कनैटा रोड, उझारी स्थित अफजाल डेयरी पहुंची।यहां पनीर का नमूना संग्रहित किया गया अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त खाद्य विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि रक्षाबंधन के त्योहार पर मिलावटी मिठाइयों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार,खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार और मनोज कुमार कलश्यान शामिल रहे।अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। मिलावटी मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




