bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

जीरो प्वाइंट पर एलीवेटेड रोड

फ्लाईओवर को हरी झंडी, जाम से मिलेगी राहत

बरेली। मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक में शहर के बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए जीरो प्वाइंट चौराहे पर एलीवेटेड रोड और फ्लाईओवर निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी। मंडलायुक्त शंभु कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में औद्योगिक विकास के साथ यातायात और सड़क सुरक्षा से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित फ्लाईओवर की निविदा 11 अगस्त को खोली जा चुकी है। जीरो प्वाइंट क्षेत्र में हादसों को कम करने के लिए साइनेज, गति अवरोधक, ‘गो स्लो’ और ‘हैजार्ड’ बोर्ड, सोलर ब्लिंकर तथा रोड मार्किंग जैसे सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं। फ्लाईओवर बनने के बाद इस प्रमुख चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने और वाहनों की आवाजाही सुगम होने की उम्मीद है।
बैठक में बहेड़ी स्थित संत कबीर टेक्सटाइल एपरल पार्क को लेकर भी जानकारी दी गई। अधिकारियों के मुताबिक पार्क में उद्योग स्थापित करने के लिए 25 उद्यमियों ने आवेदन किए हैं। पार्क के लिए 79.80 एकड़ भूमि उद्योग विभाग के पक्ष में हस्तांतरित की जा चुकी है।
योजना के तहत उद्यमियों को मशीनरी समेत अन्य सुविधाओं पर 25 प्रतिशत सब्सिडी, सात वर्ष तक ब्याज पर 60 प्रतिशत प्रतिपूर्ति, भूमि लागत पर 25 प्रतिशत सब्सिडी और स्टांप ड्यूटी में छूट का प्रावधान है।
मथुरापुर होकर एफसीआई गोदाम जाने वाले मार्ग को वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में लॉजिस्टिक के लिए प्रस्तावित किया गया है। जल निकासी के लिए यहां नाली निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति का इंतजार है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर त्योहार से पहले चीनी मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों ने मुख्य मार्गों पर चौड़े प्लांटर्स, सड़क किनारे पार्किंग और महादेव पुल के नीचे अतिक्रमण से बढ़ती परेशानी का मुद्दा भी उठाया। खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग की गई।
बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, डीएफओ दीक्षा भंडारी, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान और यूपीसीडा के आरएम मंसूर कटियार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button