फर्जी पुलिस बनकर एमआर को घेरा
अफीम केस में फंसाने की धमकी देकर वसूले पांच हजार
बरेली। खुद को सिविल पुलिसकर्मी बताकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) को अफीम और ड्रग के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रंगदारी वसूलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर सपा नेता के भांजे अभिषेक कश्यप के कहने पर वारदात करने की बात स्वीकार की है।
इज्जतनगर के तुलाशेरपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। वह 26 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे मोटरसाइकिल से सिरौली से बरेली आ रहे थे। मिलिट्री अस्पताल रोड पर पीछे से बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और खुद को सिविल पुलिसकर्मी बताते हुए बैग की तलाशी लेने को कहा।
पुष्पेंद्र ने थाने चलकर तलाशी देने की बात कही तो आरोपितों ने कथित तौर पर दबाव बनाया। इसी दौरान एक अन्य युवक को भी बुला लिया गया। तीनों उन्हें लाल फाटक पुल के नीचे ले गए और अफीम-ड्रग का कारोबार करने का आरोप लगाते हुए मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
50 हजार मांगे, पांच हजार लेकर हुए फरार
शिकायत के मुताबिक, बैग की तलाशी में कुछ नहीं मिलने के बाद आरोपितों ने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। पुष्पेंद्र के पास उस समय पांच हजार रुपये ही थे, जो आरोपितों ने ले लिए। उनके जाने के बाद पीड़ित ने आसपास के लोगों से आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आए नाम के आधार पर कांधरपुर निवासी अभिषेक कश्यप को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने चारों आरोपितों को जेल भेज दिया।




