संगठन सृजन अभियान को धार देने में जुटी कांग्रेस, 2027 की तैयारी का रोडमैप तैयार
संजीव आर्य ने वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक; बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में जेकेजी इंटर कॉलेज, प्रताप विहार में संगठन सृजन अभियान को लेकर महत्वपूर्ण एवं व्यापक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी, राष्ट्रीय सचिव संजीव आर्य की मौजूदगी में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, फ्रंटल संगठनों के अध्यक्षों तथा एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्यों से संगठन को और प्रभावी बनाने के संबंध में व्यक्तिगत रूप से सुझाव एवं राय ली गई।
बैठक में आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक विस्तार और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से मंथन हुआ। संजीव आर्य ने कहा कि कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए केवल पदाधिकारियों की संख्या बढ़ाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी और जनता के बीच निरंतर संपर्क जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का मूल उद्देश्य कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत, सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ा संगठन बनाना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में घर-घर संपर्क बढ़ाते हुए आम जनता की समस्याओं को समझना होगा और उन्हें शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाना होगा। उन्होंने सामाजिक संगठनों, संस्थाओं तथा समाज के प्रभावशाली लोगों से निरंतर संवाद और संपर्क स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया। संजीव आर्य ने कहा कि आगामी चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू करते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत करना होगा। कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की नीतियों, विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। बैठक में मौजूद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने के लिए अपने सुझाव दिए और चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का संकल्प लिया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने कहा कि गाजियाबाद में कांग्रेस का संगठन पूरी मजबूती से जनता के मुद्दों को उठाने का कार्य कर रहा है। जिला कांग्रेस लगातार जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचा रही है और भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।
सतीश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘2027 में गाजियाबाद की धरती पर कांग्रेस का झंडा मजबूती से लहराएगा और विपक्ष चारों खाने चित नजर आएगा।’ उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष को और तेज करें। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता है। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच सक्रिय रहना होगा। बैठक के दौरान संगठन सृजन अभियान के तहत प्राप्त सुझावों के आधार पर आगामी रणनीति और विस्तृत रोडमैप तैयार करने की दिशा में भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, पूर्व जिला अध्यक्ष बिजेंद्र यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकेश चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष हरेंद्र कसाना, पूर्व जिला अध्यक्ष विनीत त्यागी, पूर्व महानगर अध्यक्ष लोकगीत चौधरी, पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, जेकेजी इंटर कॉलेज के संस्थापक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. संजीव शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला कांग्रेस, मोदीनगर क्षेत्र तथा विभिन्न फ्रंटल संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने भी बैठक में सहभागिता की। बैठक में प्रभारी संजीव आर्य ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके सुझाव दर्ज किए, जिनके आधार पर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगामी रणनीति एवं रोडमैप तैयार किया जाएगा।




