कुपोषित बच्चों की सेवा में रेड क्रॉस-रोटरी की नई पहल
12 बाल रोगियों को पोषण पोटली वितरित, सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में सेवा अभियान को निरंतर मिल रहा नया विस्तार
गाजियाबाद। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद के निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता के नेतृत्व में सेवा कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए कुपोषण से जूझ रहे बच्चों की मदद के लिए एक और संवेदनशील पहल की गई। रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर के सहयोग से जिला महिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के चयनित 12 कुपोषित बाल रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रताप सिंह, एनआरसी प्रभारी डॉ. प्रिया गुप्ता, रोटरी क्लब गाजियाबाद ग्रेटर की अध्यक्ष पारुल त्यागी, संजय यादव, मनोज अग्रवाल एवं एम.सी. गौड़ का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर निवर्तमान सभापति सुभाष गुप्ता ने कहा कि रेड क्रॉस का उद्देश्य केवल जरूरत के समय सहायता उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के उन वर्गों तक निरंतर पहुंच बनाना है, जिन्हें स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में विशेष सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि क्षय रोगियों और गर्भवती माताओं की सेवा के बाद अब कुपोषित बच्चों की देखभाल और पोषण को भी सेवा अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
उन्होंने कहा, ‘सेवा का दायरा लगातार बढ़ रहा है और रोटरी क्लब के सहयोग से जरूरतमंदों तक पहुंचने के हमारे प्रयास और मजबूत हुए हैं। कुपोषित बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण के लिए भी निरंतर कार्य किया जाएगा।’
सुभाष गुप्ता ने कहा कि किसी भी बच्चे का स्वस्थ बचपन केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि समय रहते कुपोषण की समस्या पर ध्यान दिया जाए तो बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी मजबूत की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान रेड क्रॉस और रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित पोषण और देखभाल के महत्व पर भी जोर दिया। पोषण पोटली वितरण की इस पहल ने जरूरतमंद परिवारों के बीच यह भरोसा मजबूत किया कि सामाजिक संस्थाएं उनके साथ खड़ी हैं। रेड क्रॉस और रोटरी क्लब की यह पहल सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का ऐसा उदाहरण बनी, जिसमें आज की सहायता के साथ बच्चों के स्वस्थ कल की मजबूत नींव रखने का संकल्प भी दिखाई दिया।




