प्रदेश संगठन में अल्पसंख्यक समाज को मिले उचित प्रतिनिधित्व
सलीम अहमद सैफी ने एआईसीसी सचिव संजीव आर्य से की मुलाकात, स्थानीय संगठन में भी सक्रिय कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की मांग
गाजियाबाद (आप अभीतक)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त सचिव एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजीव आर्य से जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एआईसीसी कार्यालय में मुलाकात कर संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष सलीम अहमद सैफी ने बुके भेंट कर संजीव आर्य का स्वागत किया और गाजियाबाद में कांग्रेस संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा संगठनात्मक विषयों से उन्हें अवगत कराया।
आबादी और योगदान के अनुरूप मिले प्रतिनिधित्व
सलीम अहमद सैफी ने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आगामी गठन में मुस्लिम समाज सहित सभी अल्पसंख्यक समुदायों को उनकी आबादी, संगठन के प्रति योगदान और सक्रियता के अनुरूप सम्मानजनक एवं उचित प्रतिनिधित्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय, समानता और भागीदारी की राजनीति में विश्वास करती है, ऐसे में संगठनात्मक ढांचे में भी सभी वर्गों की समान और सम्मानजनक भागीदारी सुनिश्चित किया जाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने स्थानीय संगठन में भी सक्रिय, निष्ठावान और जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने की मांग की। उनका कहना था कि जिला और महानगर स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यकर्ताओं को आगे लाना जरूरी है, जिनका जनता और कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संपर्क एवं विश्वास हो।
‘मुस्लिम समाज के साथ सर्वसमाज में मजबूत पकड़ रखने वाले कार्यकर्ता को मिले जिम्मेदारी’
बैठक के दौरान महानगर कांग्रेस के कोषाध्यक्ष त्रिलोक सिंह ने भी मुस्लिम समाज को संगठन की मुख्यधारा में उचित प्रतिनिधित्व दिए जाने का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मेन बॉडी सहित कांग्रेस के विभिन्न संगठनों में मुस्लिम समाज के योग्य एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़नी चाहिए।
त्रिलोक सिंह ने विशेष रूप से आसिफ सैफी का नाम जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उपयुक्त बताते हुए कहा कि वह युवा संगठन में अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और सर्वसमाज के बीच उनकी अच्छी पकड़ एवं जनाधार है। उन्होंने कहा कि आसिफ सैफी जैसे युवा और सक्रिय कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिलने से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सकती है तथा पार्टी के जनाधार को विस्तार देने में भी मदद मिलेगी।
इस दौरान मौजूद अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी त्रिलोक सिंह के विचारों का समर्थन करते हुए संगठन में सामाजिक संतुलन के साथ-साथ सक्रिय एवं जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
संगठन को मजबूत करने पर जोर
बैठक में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक मजबूत करने, सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाने तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि पार्टी नेतृत्व आगामी संगठनात्मक गठन में जमीनी कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनाधार और पार्टी के प्रति निष्ठा को प्राथमिकता देगा।




