राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेसियों ने किया नमन
संचार क्रांति से आधुनिक भारत की नींव रखने का किया स्मरण
बिजनौर, संवाददाता। शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती मनाई गई। कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया।
गुरूवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में संचार क्रांति लाकर आधुनिक भारत की नींव मजबूत की और भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। उन्होंने देश के गांव-गांव में पीसीओ बूथ स्थापित कर आम नागरिकों को दूरसंचार की सुविधा से जोड़ने का काम किया। देश के युवा प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी ने मतदान की न्यूनतम आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की। साथ ही पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने और उन्हें संवैधानिक दर्जा दिलाने की नींव रखी। स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान भी उनके महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल रहा। उन्होंने जवाहर नवोदय विद्यालयों की स्थापना कर ग्रामीण और गरीब परिवारों के मेधावी बच्चों को बेहतर एवं सुगम शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किया। देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए राजीव गांधी ने कई महत्वपूर्ण शांति समझौते किए। इनमें पंजाब, असम, मिजोरम तथा श्रीलंका के साथ हुए शांति समझौते प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में शहर अध्यक्ष हुमायूं बेग, पूर्व कमिश्नर आरके सिंह, विनोद तोमर, विक्रम सिंह, मीनू गोयल, मौ. खालिद, जाफर हसनैन, यूसुफ अंसारी, आसिफ कुरैशी, समीर, इब्राहिम, राकिब आलम, नादिर मलिक, मौ. अकबर, काजी आतिफ, सलीम अहमद, अनिल त्यागी, अब्दुल समद आजाद, इकबाल ठेकेदार, वीरेश गहलौत आदि मौजूद रहे।




