मुशायरे में गूंजे देशभक्ति के तराने, शायरों ने लूटी वाहवाही
मुशायरे में उमड़ी श्रोताओं की भीड़, नामचीन शायरों ने बांधा समां
बिजनौर, संवाददाता। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में स्थानीय मोहल्ला काजीपाड़ा स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित आल इंडिया मुशायरे में देश के विभिन्न हिस्सों से आए शायरों ने देशभक्ति, भाईचारे और सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत कलाम पेश कर श्रोताओं की खूब वाहवाही लूटी।
बुधवार की रात सभासद मौहम्मद शारिक के संयोजन में आयोजित मुशायरे का उद्घाटन सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शेख जाकिर हुसैन ने फीता काटकर किया। अलहिन्द फैजे आम समिति, कोतवाली देहात के डायरेक्टर हाफिज अब्दुल कय्यूम ने शमा रोशन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त मौ. अय्यूब व सभासद एवं अधिवक्ता मोहम्मद आदिल ने स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुशायरे में वरिष्ठ शायर शनावर किरतपुरी को श्रोताओं ने देर तक सुना। ताहिर सऊद किरतपुरी ने भी अपने उम्दा अशआर से जमकर वाहवाही लूटी। नौजवान शायर मैराज बिजनौरी के अशआर भी पसंद किए गए।
वरिष्ठ शायर मरगूब रहमानी की अध्यक्षता व मालेगांव से आए इमरान राशिद के संचालन में आयोजित मुशायरे में चांद देवबंदी, रमीज वाहिद, उबैद नजीबाबादी, इम्तियाज अज़हर, शाबान आलम, जहीन गुल और सलाहुद्दीन अकरम ने देशभक्ति से संबंधित कलाम पेश कर मुशायरे में देशप्रेम का रंग भर दिया।
संयोजक एवं पत्रकार मुशब्बर हुसैन, इंतजार शेख, परवेज अकील, सुहैल अहमद, शुऐब मलिक और शमशुद्दीन सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।




