सावन शिवरात्रि व कांवड़ यात्रा की तैयारियां तेज,
पुलिस व डिजिटल वालंटियर टीम ने बनाई सुरक्षा की संयुक्त रणनीति
96 घंटे की नॉनस्टॉप सेवा के लिए डिजिटल वालंटियर तैयार, अधिकारियों ने दिए सुरक्षा व समन्वय के विशेष दिशा-निर्देश
गाजियाबाद। (आप अभीतक) आगामी सावन शिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को वोल्गा पैलेस में पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद और डिजिटल वालंटियर फोर्स (डीवीएफ) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस आयुक्त (आईपीएस) राजकरण नैय्यर ने की। इस दौरान एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक वरुण सिंह तथा कांवड़ सेल की नोडल अधिकारी उपासना पांडे भी मौजूद रहीं। बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने डिजिटल वालंटियर टीम के सदस्यों को प्रेरित करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश और सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स दिए। साथ ही, ड्यूटी के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में गाजियाबाद के सभी डिजिटल वालंटियर समन्वयकों ने अधिकारियों का स्वागत किया। इस अवसर पर थाना कोतवाली के डिजिटल वालंटियर टीम में शामिल महिला टीम ने अपर पुलिस आयुक्त राजकरण नैय्यर और एसीपी उपासना पांडे को शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। वहीं डीवीएफ टीम का स्वागत पुलिस द्वारा भी किया गया। इस दौरान बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पुलिस और डिजिटल वालंटियर टीम पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी दूधेश्वरनाथ मंदिर में 8 अगस्त से 11 अगस्त तक लगातार 96 घंटे की नॉनस्टॉप सेवा देकर श्रद्धालुओं और शिवभक्तों की सहायता करेगी। डिजिटल वालंटियर टीम सुरक्षा व्यवस्था, मार्गदर्शन, सूचना समन्वय तथा जनसहयोग के माध्यम से अपनी निस्वार्थ सेवाएं प्रदान करेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में डिजिटल वालंटियर टीम के सदस्य मौजूद रहे। अवसर पर थाना कोतवाली के डिजिटल वालंटियर कोऑर्डिनेटर तनुज गंभीर सहित टीम में वालंटियर सिपाही शाहिद कुरैशी एवं सुलेमान अल्वी ने भी बैठक में सहभागिता कर आगामी सेवा कार्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। बैठक का समापन सावन शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफल बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।




