बसपा में बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई, रवि जाटव किए गए पार्टी से बाहर
लगातार चेतावनी के बाद पार्टी ने लिया निष्कासन का निर्णय
गाजियाबाद (आप अभीतक)। बहुजन समाज पार्टी ने संगठनात्मक अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्व मेरठ मंडल प्रभारी एवं मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोर्टा निवासी रवि जाटव को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता और लगातार अनुशासनहीनता के आरोपों के आधार पर की गई है।
बुधवार को बसपा जिला कार्यालय, गाजियाबाद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि रवि जाटव को कई अवसरों पर संगठन की नीति के अनुरूप कार्य करने और अनुशासन बनाए रखने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद उनके व्यवहार और कार्यशैली में कोई सकारात्मक परिवर्तन नहीं आया।
पार्टी के जिलाध्यक्ष का कहना है कि संगठन और बहुजन आंदोलन के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिला कार्यालय ने स्पष्ट किया कि बसपा में अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा और संगठन की मर्यादा के विरुद्ध कार्य करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।




