नाथ कॉरिडोर की थीम पर आठ लेन होगा पीलीभीत बाइपास
सड़क से कॉरिडोर तक बदलेगा पीलीभीत बाइपास का चेहरा, बनेंगे सोमनाथ-विश्वनाथ द्वार
बरेली। शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल पीलीभीत बाइपास का अब नए स्वरूप में विकास किया जाएगा। त्रिशूल तिराहे से सेटेलाइट तक करीब 7.40 किलोमीटर लंबे मार्ग को आठ लेन बनाने की योजना है। खास बात यह है कि सड़क का चौड़ीकरण नाथ कॉरिडोर की थीम पर किया जाएगा।
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीमों ने इसके लिए संयुक्त सर्वे शुरू कर दिया है। करीब 150 करोड़ रुपये के तय बजट में ही सड़क के चौड़ीकरण के साथ अतिरिक्त सुविधाओं को शामिल करते हुए संशोधित कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
योजना के तहत मार्ग को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। सड़क के दोनों ओर सर्विस लेन, आरसीसी ड्रेन और सीसी इंटरलॉकिंग का प्रस्ताव है। इसके साथ ही यातायात दबाव, जंक्शन, उपलब्ध भूमि और जल निकासी व्यवस्था का भी तकनीकी आकलन किया जा रहा है।
सड़क चौड़ीकरण के साथ बदलेगा पूरा स्वरूप
नई योजना में सिर्फ सड़क को चौड़ा करने पर ही जोर नहीं रहेगा, बल्कि पूरे कॉरिडोर को आकर्षक और सुविधाजनक बनाने की तैयारी है। यातायात व्यवस्था सुधारने के साथ सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं को भी परियोजना में शामिल किया जाएगा।
बनेंगे सोमनाथ और विश्वनाथ द्वार
नाथ कॉरिडोर की थीम को और मजबूती देने के लिए नैनीताल रोड पर सोमनाथ द्वार और पीलीभीत रोड पर विश्वनाथ द्वार बनाए जाने की योजना है। इससे शहर के प्रमुख मार्गों को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने के साथ प्रवेश मार्गों को आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी है।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार, संयुक्त सर्वे पूरा होने के बाद संशोधित प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्यों को संशोधित डीपीआर में शामिल किया जाएगा।




