गणेश मूर्ति विसर्जन को लेकर तीन दिन डायवर्जन
भारी वाहनों की शहर में नो एंट्री
बरेली। गणेश मूर्ति विसर्जन को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए 18 से 20 सितंबर तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। रामगंगा नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान भारी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह व्यवस्था 18 सितंबर सुबह छह बजे से 20 सितंबर रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगी।
पुलिस के मुताबिक शहर की ओर आने वाले भारी वाहनों को परसाखेड़ा रोड नंबर एक, विल्वा, विलयधाम, लालपुर कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, सेटेलाइट तिराहा, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा से प्रतिबंधित किया गया है।
दिल्ली, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत की ओर से आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र रोड नंबर एक तथा बड़े बाईपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक आ-जा सकेंगे। लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन झुमका तिराहा से विल्वा, विलयधाम और इन्वर्टिस तिराहा होकर निकलेंगे।
बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास, इन्वर्टिस तिराहा, फरीदपुर और दातागंज होकर जाएंगे। बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। देवचरा चौराहे से दातागंज, फरीदपुर और बड़ा बाईपास होते हुए भारी वाहन बरेली ट्रांसपोर्ट नगर तक आ-जा सकेंगे।
बरेली-बदायूं मार्ग पर देवचरा चौराहा, बुखारा मोड़ और चौपला पुल से रामगंगा की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। एसपी यातायात अकमल खान ने वाहन चालकों से असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।




