bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

राधेश्याम कथावाचक की 63वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, डॉ. नितिन सेठी सम्मानित

बरेली। प्रख्यात कथावाचक एवं साहित्यकार पंडित राधेश्याम कथावाचक की 63वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को मानव सेवा क्लब के तत्वावधान में पंडित राधेश्याम स्मृति भवन में गोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान अतिथियों और साहित्यकारों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गोष्ठी में वक्ताओं ने पंडित राधेश्याम कथावाचक के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए उन्हें खड़ी बोली में रामायण की रचना करने वाले प्रमुख रचनाकारों में बताया। क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने कहा कि पंडित राधेश्याम कथावाचक हिंदी रंगमंच के भी सशक्त हस्ताक्षर थे और साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है।
कार्यक्रम में पंडित राधेश्याम कथावाचक के जीवन और साहित्य पर लगातार लेखन करने वाले साहित्यकार डॉ. नितिन सेठी को पंडित राधेश्याम साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया। क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा, पंडित राधेश्याम के प्रपौत्र संजय शर्मा और विक्रम भार्गव ने उन्हें हार, शॉल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया।
विक्रम भार्गव ने पंडित राधेश्याम के जीवन और साहित्यिक योगदान पर प्रकाश डाला। वहीं कवि इंद्रदेव त्रिवेदी और रमेश गौतम ने प्रस्ताव रखा कि सैटेलाइट बस अड्डे का नाम पंडित राधेश्याम कथावाचक के नाम पर रखा जाए, ताकि बरेली के इस महान साहित्यकार की स्मृति शहर से जुड़ी रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. अनिल मिश्र रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार रमेश गौतम ने की। विशिष्ट अतिथि सुरेश बाबू मिश्रा रहे। कार्यक्रम में प्रकाश चंद्र सक्सेना, निर्भय सक्सेना, जितेंद्र सक्सेना, डॉ. शिफालिका, डॉ. सुरेश रस्तोगी, उमेश चंद्र गुप्ता, गंगाराम पाल और सचिन भारतीय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र बीनू सिन्हा ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button