bijnorlucknowuttar pradeshराष्ट्रीयलखनऊ

कुएं में गिरा गुलदार, दहाड़ सुनकर जुटे ग्रामीण

वन विभाग की टीम को दी सूचना, रेस्क्यू की तैयारी

-नाहर सिंह मंदिर के पास है ट्यूबवेल

कोतवाली देहात, संवाददाता। थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर जगमल में शनिवार देर रात एक गुलदार गांव के बाहर स्थित कुएं में गिर गया। रविवार सुबह कुएं से गुलदार की दहाड़ सुनाई देने पर ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर गुलदार के रेस्क्यू की मांग की।
ग्राम महमूदपुर जगमल निवासी ब्रह्मपाल सिंह का गांव से बाहर नाहर सिंह मंदिर के निकट ट्यूबवेल है। ट्यूबवेल परिसर में स्थित कुएं में शनिवार देर रात गुलदार गिर गया। रविवार सुबह आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों को कुएं से गुलदार की दहाड़ सुनाई दी। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो कुएं में गुलदार दिखाई दिया। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
कुएं में गुलदार मिलने की सूचना से आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने एहतियातन कुएं के पास जाने से परहेज किया और वन विभाग को सूचना दी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही हैं। कुएं में गुलदार गिरने के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल है।
—-
रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। विभागीय टीम द्वारा गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से मौके पर भीड़ न लगाने और गुलदार को किसी तरह परेशान न करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button