पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन गिरफ्तारः दो हिस्ट्रीशीटर गोली लगने से घायल
14 अगस्त को ग्राम मंशा में हुई चोरी का खुलासा
-चोरी के आभूषण और नकदी बरामद
बिजनौर, संवाददाता। नगीना देहात पुलिस ने मंगलवार को नीला डैम के पास मुठभेड़ के दौरान दो हिस्ट्रीशीटर को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके एक साथी को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए है
नगीना देहात थाना पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को ग्राम मंशा निवासी शकीला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने उनके पुत्र फहीम को जान से मारने की नीयत से गोली मारी है। मंगलवार को पुलिस सैफुद्दीन नगर टांडा माईदास क्षेत्र में नीला डैम के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। बाइक गिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दानिश पुत्र मोहम्मद उमर के बाएं पैर और नौशाद पुत्र मोहम्मद इरशाद के दाहिने पैर में गोली लगी। तीसरे आरोपी शमशाद पुत्र मोहम्मद इरशाद निवासी ग्राम खारी, थाना हल्दौर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी किए गए 9,700 रुपये और करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स बाइक भी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने घरों में चोरी और नकबजनी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार उन्होंने दो जुलाई को ग्राम कोटकादर, 23/24 जुलाई को टांडा माईदास, करीब डेढ़ माह पहले कोतवाली देहात क्षेत्र के सिकंदरपुर और इस वर्ष की शुरुआत में शिवाला कलां में चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है।
—
ग्रामीणों के जागने पर की थी फायरिंग
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 13/14 अगस्त की रात ग्राम मंशा कोटकादर में चोरी का प्रयास करते समय ग्रामीण जाग गए थे। इस दौरान उनके एक साथी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया था। साथी के कहने पर दानिश और नौशाद ने ग्रामीणों को डराने और जान से मारने की नीयत से अपने-अपने तमंचों से फायरिंग की और मौके से फरार हो गए थे।
—
हल्दौर थाने के हिस्ट्रीशीटर है दानिश व नौशाद
पुलिस के अनुसार दानिश और नौशाद थाना हल्दौर के हिस्ट्रीशीटर हैं। मुठभेड़ के संबंध में नगीना देहात थाने में संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों और फरार साथी की तलाश में जुटी है।
—
कोट–
मुठभेड़ के बाद तीन को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दो को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से करीब छह लाख कीमत के आभूषण और नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए।
-राजेश कुमार सोलंकी, सीओ नगीना




