bareillyuttar pradeshराष्ट्रीय

साहित्य रत्न शिक्षक सम्मान समारोह में गुरुजनों का सम्मान

बरेली। रोटरी क्लब ऑफ सन राइज बरेली की ओर से होटल किंग्स हैरिटेज में साहित्य रत्न शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने शिक्षकों को समाज का मार्गदर्शक बताते हुए उनके योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजीव कुमार सक्सेना ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। गुरु का स्थान समाज में सबसे ऊंचा है। शिक्षक की मेहनत से तैयार विद्यार्थी आगे चलकर परिवार, समाज और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान और संस्कार का सम्मान है।
विशिष्ट अतिथि ठाकुर प्रमोद सिंह बिष्ट ने कहा कि शिक्षक समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। वे आने वाली पीढ़ी के चरित्र निर्माण की नींव रखते हैं। शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों की आवश्यकता के दौर में शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। साहित्य और शिक्षा समाज में सकारात्मक चेतना पैदा करने के प्रभावी माध्यम हैं।
समारोह में महावीर, सुनील चौबे, राखी सक्सेना, सुहैल हुसैन, विकास जैन, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, अपर्णा अग्रवाल और नीतू शर्मा समेत अन्य शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों ने रोटरी क्लब ऑफ सन राइज का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं के रूप में हैदर अली, अंकुर सक्सेना और सागर सक्सेना ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ सन राइज के अध्यक्ष गौरव सहनी, सचिव कुलदीप अरोड़ा समेत क्लब के पदाधिकारी, शिक्षक, साहित्यकार और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजीव शर्मा और हिमांशु छाबड़ा ने किया।

Related Articles

Back to top button