bijnoruttar pradeshप्रशासनराष्ट्रीय

सनसनीः गंगा किनारे मिले महिला और पुरुष के शव

विदुर कुटी से करीब दो किलोमीटर दूर गंगा स्नान मेला क्षेत्र में मिले दोनों शव

-पशु चराने गए चरवाहों ने टापू पर शव पड़े होने की पुलिस को दी सूचना
-सूचना पर सीओ सिटी और शहर कोतवाल ने मौके पर पहुंच ली जानकारी
-पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
-शवों की शिनाख्त कराने में जुटी पुलिस

बिजनौर/गंज। जलालपुर खादर क्षेत्र में दलित दंपति की मौत की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि गुरुवार सुबह दारानगर गंज क्षेत्र में गंगा किनारे महिला और पुरुष के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों शव अलग-अलग स्थानों पर काफी दूरी पर पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों शव कई दिन पुराने बताए जा रहे हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया दोनों शवों के गंगा की धारा में बहकर कहीं बाहर से आने की आशंका जता रही है। पुलिस शवों की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।
बताया गया कि पिछले कई दिनों से दारानगर गंज क्षेत्र में गंगा की जलधारा तेज थी। गुरुवार सुबह जलधारा कम होने पर कुछ ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे। इसी दौरान उन्हें अलग-अलग स्थानों पर महिला और पुरुष के शव दिखाई दिए। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय व शहर कोतवाल अवनीत मान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, दोनों की उम्र करीब 50 वर्ष प्रतीत हो रही है। अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक महिला का शव काफी गल-सड़ चुका था, जबकि पुरुष का शव भी कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों के बीच काफी दूरी होने के कारण पुलिस फिलहाल यह मान रही है कि वे गंगा की धारा के साथ बहकर किसी दूसरे स्थान से यहां पहुंचे होंगे। हालांकि, दोनों की मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने दोनों शवों की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों से भी लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महिला और पुरुष के शव अलग-अलग स्थानों पर काफी दूरी पर मिले हैं। शवों की स्थिति देखकर दोनों के कई दिन पुराने होने की संभावना है। प्रथम दृष्टया दोनों शव गंगा की धारा में कहीं बाहर से बहकर आने की बात सामने आ रही है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिए है। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे है।
-अभय कुमार पांडेय सीओ सिटी

Related Articles

Back to top button