पत्रकारों पर अभद्र टिप्पणी पड़ी भारी, नौकरी गई
वायरल ऑडियो पर अस्पताल प्रबंधन ने लिया संज्ञान, डॉक्टर ने कहा—पत्रकारों का सम्मान सर्वोपरि, अब कोई संबंध नहीं
बरेली। पत्रकारों के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले सनराइज हॉस्पिटल के कर्मचारी सोहेल खान के खिलाफ अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए उसकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। मामला कथित रूप से वायरल हुए एक ऑडियो से जुड़ा है, जिसमें पत्रकारों के लिए आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सोमवार शाम मामले की जानकारी मिलने के बाद वायरल ऑडियो को गंभीरता से लिया गया। प्रबंधन की ओर से जारी सफाई में बताया गया कि किसी व्यक्ति द्वारा ऑडियो-वीडियो भेजे जाने के बाद उसमें पत्रकारों के लिए इस्तेमाल की गई भाषा पर संज्ञान लिया गया और तत्काल कार्रवाई करते हुए सोहेल खान की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।
प्रबंधन ने बताया कि यह पहली बार नहीं था जब सोहेल खान के व्यवहार को लेकर आपत्ति सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तत्काल निर्णय लेते हुए उसे नौकरी से हटा दिया।
भविष्य में कोई संबंध नहीं रहेगा
अस्पताल प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि सोहेल खान अस्पताल में मैनेजर नहीं, बल्कि जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) के पद पर कार्यरत था। डॉक्टर ने मीडिया के सामने उसे अस्पताल प्रबंधक के रूप में प्रस्तुत न करने की अपील भी की।
वायरल ऑडियो में पत्रकारों के लिए कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर अस्पताल प्रबंधन ने खेद जताते हुए माफी मांगी। डॉक्टर ने कहा कि पत्रकार समाज और आम लोगों की आवाज उठाने के लिए मेहनत करते हैं। उनके खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सोहेल खान की कथित टिप्पणी से अस्पताल प्रशासन का कोई संबंध नहीं है और अब उसका अस्पताल से कोई लेना-देना नहीं रहेगा। साथ ही अस्पताल परिसर में उसके प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और अस्पताल हमेशा पत्रकारों का सम्मान करता रहेगा।




