bareillyuttar pradeshकैम्पसराष्ट्रीय

जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज में उमंग प्रतिभा उत्सव का भव्य आयोजन

टॉपर्स विद्यार्थियों को मिला सम्मान, नवप्रवेशित छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

बरेली। जमुना प्रसाद मेमोरियल कॉलेज, भैरपुरा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और गत वर्षों के टॉपर्स के सम्मान के लिए ‘उमंग प्रतिभा उत्सव एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. नीलिमा गुप्ता, पूर्व कुलपति छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर का स्वागत किया गया। इस दौरान कॉलेज के चेयरमैन योगेश पटेल, मैनेजिंग डायरेक्टर वैभव पटेल, डायरेक्टर डॉ. मनोज काण्डपाल, डायरेक्टर ऑफ फार्मेसी कॉलेज डॉ. ललित सिंह सहित शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि प्रो. नीलिमा गुप्ता ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण समय है। विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच, निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य अवसरों का भरपूर लाभ उठाकर व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के अध्यक्ष योगेश पटेल ने कहा कि टॉपर्स संस्थान का गौरव हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर टॉपर रहीं प्रतीक्षा गंगवार को एमएससी फूड एंड न्यूट्रिशन में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। इसके साथ ही साइंस ग्रुप के 51 टॉपर्स को कुल 2.75 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए जीपीएम कॉलेज निरंतर प्रयासरत है। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी उच्च शिक्षा पूरी करने के लिए संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।
डायरेक्टर डॉ. मनोज काण्डपाल ने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यावहारिक ज्ञान से भी जोड़ा जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
मैनेजिंग डायरेक्टर वैभव पटेल ने अतिथियों का आभार जताते हुए टॉपर्स के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी टॉपर्स से प्रेरणा लेकर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, विभिन्न गतिविधियों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक रहा।

Related Articles

Back to top button