Ghaziabaduttar pradeshराष्ट्रीय

रिहायशी इलाके में बेकरी संचालन का आरोप, जांच की मांग

सुरक्षा मानकों, टैक्स और खाद्य गुणवत्ता को लेकर उठे सवाल

गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र में रिहायशी इलाके में एक बेकरी संचालित किए जाने को लेकर शिकायत सामने आई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित प्लॉट पर संचालित बेकरी में नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग प्रशासन से की है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, क्षेत्र में रिहायशी उपयोग के बीच व्यावसायिक एवं औद्योगिक गतिविधियां संचालित होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि बेकरी के कारण सड़क पर आवागमन भी प्रभावित होता है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।

टैक्स और सुरक्षा मानकों पर भी सवाल
शिकायतकर्ता ने बेकरी संचालन को लेकर टैक्स संबंधी अनियमितताओं सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि प्रतिष्ठान में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं। रास्ता बाधित होने की शिकायत करने पर कथित तौर पर विवाद और धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।

खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर आरोप
शिकायत में बेकरी में तैयार होने वाले ब्रेड, रस्क, पापड़ आदि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इनके निर्माण में मानकों के विपरीत सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

संचालकों ने आरोपों को नकारा
मामले की जानकारी लेने के लिए जब हमारी टीम मौके पर पहुंची और बेकरी संचालकों से लगाए गए आरोपों के संबंध में बातचीत की, तो उन्होंने शिकायतकर्ता के सभी आरोपों को खारिज कर दिया। संचालकों का कहना है कि उनके प्रतिष्ठान में किसी तरह की अनियमितता नहीं बरती जा रही है।

प्रशासनिक जांच से सामने आएगी सच्चाई
शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। ऐसे में जिला प्रशासन, संबंधित विभाग, नगर निकाय तथा खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मौके का निरीक्षण कर बेकरी के भूमि उपयोग, लाइसेंस, अग्नि सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा मानकों और अन्य आवश्यक अनुमतियों की जांच की जाए तो स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
फिलहाल हमारी ओर से शिकायतकर्ता के आरोपों की पुष्टि नहीं की जाती है।

Related Articles

Back to top button