उत्तराखंड में युवाओं के लिए बड़ा मौका
1808 पदों पर शुरू हुई पुलिस, वन, आबकारी विभागों में भर्ती
देहरादून। उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने विभिन्न विभागों में कुल 1818 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (वङरररउ) को आधिकारिक तौर पर अधियाचन भेज दिया गया है। इन पदों पर भर्ती होने से प्रदेश के हजारों युवाओं का सरकारी नौकरी पाने का सपना जल्द ही सच हो सकेगा। सरकार की ओर से भेजे गए अधियाचन के मुताबिक, राज्य के कई प्रमुख विभागों में भर्तियां की जानी हैं। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा पुलिस विभाग का है। पुलिस विभाग में आरक्षी (कांस्टेबल) संवर्ग के 1187 पद, उप निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर नागरिक पुलिस) के 93 पद, उप निरीक्षक (अभिसूचना) के 19 पद, और प्लाटून कमांडर (पीएसी,आईआरबी और एसडीआरएफ) के 81 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 5 पदों पर भी भर्ती होगी। वन विभाग में वन आरक्षी (फॉरेस्ट गार्ड) के 189 पदों और स्पेशल टाइगर गार्ड्स के 75 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117 पदों पर भर्ती की जाएगी और आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 50 पदों और उप आबकारी निरीक्षक के 2 पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार हमारे युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उनकी योग्यता और काबिलियत के आधार पर उन्हें रोजगार के अवसर देना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




