रक्षाबंधन पर भावुक हुआ प्रशासनिक दफ्तर, दिव्यांग बच्चों ने बांधी अधिकारियों को राखी
स्नेह और अपनत्व से सजा पर्व, बच्चों ने दिया सुरक्षा व समावेशिता का संदेश
गाजियाबाद। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भागीरथ सेवा संस्थान द्वारा संचालित भागीरथ स्पेशल स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता के साथ मनाया। बच्चों ने जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड, पुलिस कमिश्नर जे. रविंद्र गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और सुरक्षा का संदेश दिया। संस्थान की प्रवक्ता अदिति जैन के साथ बच्चे सुबह जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों का तिलक कर राखी बांधी और मिठाई खिलाई। बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक हस्तनिर्मित उत्पाद भी अधिकारियों को भेंट किए। इसके बाद बच्चे पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और वहां भी पूरे उत्साह एवं आत्मीयता के साथ रक्षाबंधन मनाया।
बच्चों के कार्यालय पहुंचते ही वातावरण भावुक और खुशनुमा हो गया
अधिकारियों ने भी बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात की, उनका उत्साह बढ़ाया और उन्हें उपहार भेंट किए। मासूम मुस्कान और स्नेह से भरे इस मिलन ने रक्षाबंधन के पर्व को खास बना दिया। इस आयोजन का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनमें आत्मविश्वास, सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करना था। बच्चों ने अपनी मासूमियत और प्रेम के माध्यम से यह संदेश भी दिया कि स्नेह और रिश्तों की कोई सीमा नहीं होती। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने कहा कि दिव्यांग बच्चे समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्हें समान अवसर, सम्मान और स्नेह मिलना चाहिए। उन्होंने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भागीरथ सेवा संस्थान के निदेशक अमिताभ सुकुल ने कहा कि इस तरह के आयोजन दिव्यांग बच्चों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ समाज में समावेशिता और समानता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों का अधिकारियों के साथ यह आत्मीय संवाद उनके लिए भी एक यादगार अनुभव रहा।




