bareillyMLC Electionuttar pradeshराजनीतिराष्ट्रीय

शिक्षक एमएलसी चुनाव: आठ टेबलों पर मतगणना शुरू

17 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर

बरेली। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे संजय गांधी कम्युनिटी हॉल में शुरू हुई। आठ टेबलों पर मतों की गिनती की जा रही है, जबकि एक टेबल रिटर्निंग ऑफिसर के लिए बनाई गई है। चुनाव मैदान में उतरे 17 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतगणना पूरी होने के बाद होगा। भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और सपा के हाजी दानिश अख्तर के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है।
मतगणना के दौरान पारदर्शिता और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह सात बजे प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की मौजूदगी में स्ट्रॉन्ग रूम खोला गया। इसके बाद मतपेटियां खोलकर मतों की गिनती शुरू की गई। मतगणना प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी दो पालियों में लगाई गई है। प्रत्येक टेबल पर माइक्रो ऑब्जर्वर, सुपरवाइजर और सहायक कर्मचारी तैनात हैं।

73.69 फीसदी हुआ था मतदान

शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्तूबर को बरेली-मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों में 105 बूथों पर मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 46 हजार से अधिक मतदाताओं में से 35,146 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान प्रतिशत 73.69 रहा। मतपेटियों को मतदान के बाद संजय कम्युनिटी हॉल स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया था।
मतगणना की निगरानी के लिए सभी टेबलों पर प्रत्याशियों के काउंटिंग एजेंट मौजूद हैं। पूरे हॉल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। मतगणना कर्मचारियों और एजेंटों के प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट निर्धारित किए गए हैं। परिसर में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात हैं।
मंडलायुक्त शंभू कुमार के मुताबिक, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतगणना कराई जा रही है। प्रत्येक शिफ्ट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों सहित कुल 55 कर्मचारी लगाए गए हैं। मतगणना कक्ष में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध है। प्रशासन का जोर मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर है।

Related Articles

Back to top button