20 करोड़ रुपये की लागत से शहर में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था होगी मजबूत
गाजियाबाद। शहर में पेयजल आपूर्ति और सीवरेज निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराएगा। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में प्रस्तावित कार्यों के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। कार्य अगले एक माह बाद शुरू होने की संभावना है। वसुंधरा जोन के वार्ड-89 वैशाली सेक्टर-5 में करीब 3.10 करोड़ रुपये की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा वसुंधरा जोन के वार्ड-97 चंद्र नगर रामप्रस्था, मोहन नगर जोन के वार्ड-29 पंचशील कॉलोनी, वार्ड-37 शालीमार गार्डन और विजयनगर जोन के वार्ड-7 सुदामापुरी ए-ब्लॉक में 300-300 केएल क्षमता के चार सीडब्ल्यूआर बनाए जाएंगे। प्रत्येक सीडब्ल्यूआर पर करीब 1.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सिटी जोन के वार्ड-50 नूरशांति नगर की विभिन्न गलियों में करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से 300 एमएम व्यास की 2200 मीटर आरसीसी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। महापौर के अनुसार इससे क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सीवरेज निकासी की समस्या का समाधान होगा। इसके साथ ही वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या वाले नगर निगम क्षेत्र के 11 स्थानों पर करीब 6.86 करोड़ रुपये की लागत से एमएस पाइप लाइन और चैंबर बनाए जाएंगे। इससे जल निकासी बेहतर होने के साथ पंप और ट्रैक्टर आदि के जरिए होने वाले अस्थायी जल निकासी खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि इन कार्यों से जहां पेयजल की समस्या वाले क्षेत्रों में आपूर्ति बेहतर होगी, वहीं सीवरेज और जलभराव की समस्याओं से भी लोगों को राहत मिलेगी।




