दक्षिण खीरी वन प्रभाग की शारदानगर रेंज फिर सुर्खियों में
सरकारी यूकेलिप्टस के पेड़ काटने का आरोप
लखीमपुर खीरी। दक्षिण खीरी वन प्रभाग की शारदानगर रेंज की फूलबेहड़ वन चौकी क्षेत्र एक बार फिर चर्चा में है। आरोप है कि सड़क किनारे लगे सरकारी यूकेलिप्टस के पेड़ों को लकड़कट्टों ने काट लिया और इस मामले में विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।जानकारी के मुताबिक फूलबेहड़ वन चौकी क्षेत्र के बरौला चौराहे के पास तेंदुआ गांव निवासी अतीस गिरि के खेत के पास सड़क किनारे यूकेलिप्टस के सरकारी पेड़ लगे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि फूलबेहड़ निवासी लकड़कट्टा अख्तर (बीडीसी) द्वारा उक्त पेड़ों को काट लिया गया है।ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पूर्व में भी इन पेड़ों को बेचने का प्रयास किया गया था, लेकिन सड़क की नाप-जोख में पेड़ सड़क की जमीन में आने के कारण विभाग ने रोक लगा दी थी। आरोप है कि अब इन्हीं पेड़ों को निजी बताकर बेच दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में उन्होंने फूलबेहड़ पुलिस व वन विभाग को सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस संबंध में जब वन विभाग के अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया गया तो वे कन्नी काटते नजर आए। अब देखना यह होगा कि जिले के आला अधिकारी इस अवैध कटान के मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।




