इटावा की धरती पर पहली आमद पर सूफी संत का हुआ भव्य स्वागत
इटावा। इटावा में पहली बार पहुंचे खानकाह-ए-मदारिया, मकनपुर शरीफ के सज्जादानशीन एवं वारिस-ए-कुत्बुल मदार हुजूर रईसुल असफिया अल्हाज सूफी सैयद सैय्यदुल अनवार जाफरी मदारी और उनके शहजादे सैयद मुकर्रमी मदारी का ऑल इंडिया उलेमा व मशाइख बोर्ड यूनिट-इटावा की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
भर्थना चौराहा के पास आगरा सर्विस रोड पर स्थित ऑल इण्डिया उलेमा व माशाइख बोर्ड यूनिट इटावा के जिला उपाध्यक्ष रियाज अब्बासी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में दोनों मेहमानों की गुलपोशी कर स्वागत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बोर्ड के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और अकीदतमंद मौजूद रहे।
हुजूर रईसुल असफिया ने लोगों को दीन की खिदमत के साथ आपसी भाईचारे, मोहब्बत, इंसानियत और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज की तरक्की के लिए इल्म, अच्छे अखलाक और आपसी इत्तेहाद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से समाज और इंसानियत की बेहतरी के लिए आगे बढ़कर कार्य करने का आह्वान किया।
ऑल इंडिया उलेमा व मशाइख बोर्ड यूनिट-इटावा के मीडिया प्रभारी मोहम्मद अजीम मुअज्जम व मोहम्मद आमीन भाई ने कहा कि हुजूर रईसुल असफिया और सैयद मुकर्रमी मदारी की इटावा में पहली आमद सभी के लिए खुशी और सौभाग्य का अवसर है। उनकी मौजूदगी से मोहब्बत, भाईचारे और इंसानियत के संदेश को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर ऑल इंडिया उलेमा व माशाईख बोर्ड यूनिट इटावा के जिला अध्यक्ष हाजी शेख शकील अहमद, मीडिया प्रभारी मोहम्मद अजीम मुअज्जम, इंसानी भाईचारा प्रेम सदभाव समिति के अध्यक्ष पत्रकार मोहम्मद आमीन भाई , पत्रकार सैफ तैमूरी, सलाहकार असलम खान, नाजिम खान समेत बोर्ड के अन्य पदाधिकारी और अकीदतमंद मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में देश में अमन-ओ-अमान, कौमी एकता और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई।




