अतिक्रमण पर गरजा बुलडोजर
नोंकझोंक कर विरोध के आरोप में तीन को लिया हिरासत में
बिजनौर, संवाददाता। नगरपालिका चौराहे से बुल्ला के चौराहे को जाने वाली सड़क पर स्थाई व अस्थाई अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर गरजा। नोंकझोंक कर विरोध के आरोप में तीन को हिरासत में लिया गया है। ईओ के मुताबिक मंगलवार को इससे आगे जानी का चौराहा होते हुए झालू तिराहे तक अतिक्रमण हटाया जाएगा।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस व पालिका की टीम ने सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जेसीबी को लेकर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरु किया।
सड़क पर दोनों ओर अवैध अतिक्रमण कर बनाए गए नालों के पट व चबूतरे आदि जेसीबी से तोड़ दिए गए। अधिशासी अधिकारी रामपाल सिंह ने बताया, कि सोमवार को बुल्ला के चौराहे से थोड़ा आगे तक अभियान चला है। मंगलवार को इससे आगे जानी का चौराहा होते हुए झालू तिराहे तक अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
—
दो व्यापारी भाइयों का चालान
इस दौरान बुल्ला के चौराहे पर दो व्यापारी भाईयों शारिक व इकबाल ने अभियान का विरोध किया और टीम के साथ अभद्रता की। जिस पर पुलिस ने शारिक व इकबाल को हिरासत में लेकर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।




