bijnorCrimeuttar pradeshराष्ट्रीय

खुलासाः नागा साधु का भेष धर महिला से लूटे जेवर, दो गिरफ्तार

आरोपियों के पास से महिला से ठगे जेवर बरामद

पीड़ित महिला के पति ने कराई थी नजीबाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज
पकड़े गए गिरोह के सदस्यों पर की जाएगी गैगेस्टर की कार्रवाई

बिजनौर, संवाददाता। नागा साधु का भेष धारण कर लोगों को झांसे में लेकर जेवर हड़पने वाले दो आरोपियों को नजीबाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर ठगी का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दंपति से ठगी सोने की दो अंगूठियां, चेन और मंगलसूत्र बरामद करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।
सोमवार को पुलिस लाइन में मीडियाकर्मियों से वार्ता करते हुए एसपी केके बिश्नोई ने बताया कि पौड़ी गढ़वाल निवासी केशव भट्ट ने 29 अगस्त को नजीबाबाद थाने में तहरीर देकर बताया था कि एक व्यक्ति नागा साधु के भेष में आया और उसके एक अन्य साथी ने साधु के भेष का फायदा उठाते हुए उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर ठगी की है। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पत्नी की सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र और चेन हड़प ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

फोटो और वीडियो से खुले आरोपियों के नाम
एसपी केके बिश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान फोटो, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित घोसीपुरा सपेरा बस्ती निवासी जहांगीर पुत्र बाबूनाथ और गुरविंदर पुत्र देवीदास के नाम प्रकाश में आए। नजीबाबाद पुलिस ने 30 अगस्त को दोनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या यूके17एस-4948 समेत गिरफ्तार कर लिया। जहांगीर के कब्जे से एक अंगूठी और एक चेन बरामद हुई, जबकि गुरविंदर के पास से एक अंगूठी तथा पीली धातु व काले मोतियों का मंगलसूत्र मिला।

छह माह पहले नगीना में की थी वारदात
पूछताछ में जहांगीर ने बताया कि करीब छह माह पहले उसने अपने साथियों के साथ काशीपुर रोड स्थित एक होटल के पास कार सवार व्यक्ति को धोखे में लेकर उसकी अंगूठियां हासिल की थीं। इनमें से एक अंगूठी उसके पास रह गई थी, जो पुलिस ने बरामद कर ली।

हाईवे पर दंपती को बनाया था निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 28 अगस्त को उन्होंने नजीबाबाद-हरिद्वार हाईवे पर एक पति-पत्नी को निशाना बनाया था। दोनों को डराने-धमकाने के बाद उनके पास से चेन, मंगलसूत्र और अंगूठी लूट ली थी। पुलिस ने बताया कि इस घटना के लूटे गए जेवरों में से चेन जहांगीर तथा अंगूठी और मंगलसूत्र गुरविंदर के कब्जे से बरामद हुए हैं।

शादी के लिए जेवर बेचने आए थे बिजनौर
एसपी केके बिश्नोई ने बताया कि पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पूर्व में की गई घटनाओं से मिले जेवर और अन्य सामान बेचने के लिए बिजनौर आए थे। वे दोबारा आपराधिक घटना करने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके परिवारों में आगामी दिनों में शादी होने के कारण उन्हें पैसों की जरूरत थी और इसी के चलते अपराध से प्राप्त सामान बेचने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोट–
नजीबाबाद पुलिस ने अर्न्तराज्य साधू के वेश में ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 28 अगस्त को कोटद्वार बाईपास पर महिला को आतंकित करने के बाद ठगे गए जेवर बरामद किए है। गिरोह के सदस्यों से नगीना में ठगी की गई एक अंगूटी भी बरामद की है। गिरोह के सदस्यों पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
-केके बिश्नोई, एसपी

Related Articles

Back to top button